पटना: राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके में पुलिस ने एक गेस्ट हाउस पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार से जुड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस की छापेमारी के दौरान गेस्ट हाउस से 4 युवतियों और 1 युवक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, राजीव नगर के घुड़दौड़ इलाके स्थित इस गेस्ट हाउस को लेकर पिछले कई महीनों से शिकायतें मिल रही थीं। मामले की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने शनिवार को अचानक गेस्ट हाउस में छापेमारी की।
पुलिस ने गेस्ट हाउस के ग्राउंड फ्लोर से लेकर चौथी मंजिल तक अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। इस दौरान चार युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए जाने की बात कही है।
छापेमारी की भनक लगते ही गेस्ट हाउस का मालिक और कुछ कर्मचारी पीछे के रास्ते से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है।
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गेस्ट हाउस में कथित गतिविधियां कब से चल रही थीं और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

