जमशेदपुर: शहर में कथित तौर पर बढ़ते नशे के अवैध कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर आज पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस ने आवाज बुलंद की।
महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर SSP कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर SSP को ज्ञापन सौंपा।
महिला कांग्रेस का कहना है कि नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इसका असर परिवारों पर भी पड़ रहा है। संगठन ने नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गश्त और निगरानी बढ़ाने, स्कूल-कॉलेजों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने और नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के लिए नशामुक्ति एवं पुनर्वास अभियान चलाने की मांग भी की गई।
महिला कांग्रेस ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की अपील की है, ताकि जमशेदपुर के युवाओं को नशे से बचाया जा सके और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाई जा सके।

