जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 17 चोरी की मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभाष महाली, जयप्रकाश महाली उर्फ प्रकाश और सचिन महाली के रूप में हुई है। तीनों गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चशोल हवेली डुगरीगोड़ा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ज्वालकट्टा स्थित हरिकीर्तन मंडप और मिलनवीथी हाई स्कूल के पास कुछ युवक चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन युवकों को तीन संदिग्ध वाहनों के साथ पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अन्य स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां से कुल 17 चोरी की बाइक बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने जमशेदपुर शहर के अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों और अन्य जिलों से बाइक एवं स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद वाहनों में कई हीरो स्प्लेंडर प्लस और पैशन प्रो बाइक शामिल हैं। एक होंडा शाइन भी बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एप्पल आईफोन, एक रेडमी और एक पोको स्मार्टफोन भी जब्त किया है। पुलिस इन मोबाइलों और बरामद वाहनों की जानकारी के आधार पर गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के इंजन और चेचिस नंबर की जांच कर रही है। अलग-अलग थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से इनका मिलान किया जा रहा है, ताकि बाइकों के वास्तविक मालिकों और चोरी की घटनाओं का पता लगाया जा सके। पुलिस को पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की दूसरी घटनाओं के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

