जमशेदपुर, 10 सितंबर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए ‘JOHAR POLICE’ WhatsApp चैटबॉट की शुरुआत की है। इस नई सुविधा के जरिए अब लोग घर बैठे अपने मोबाइल फोन से पुलिस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां और सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे।
इस चैटबॉट का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। लोगों को WhatsApp नंबर 9471167577 पर सिर्फ “Hi” भेजना होगा। इसके बाद विभिन्न पुलिस सेवाओं से जुड़े विकल्प मोबाइल पर उपलब्ध हो जाएंगे। पुलिस द्वारा जारी QR कोड को स्कैन करके भी इस सेवा से जुड़ा जा सकता है।
कई जरूरी सेवाएं एक ही जगह
‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट के माध्यम से लोग खोए हुए मोबाइल, साइबर अपराध, ट्रैफिक और चालान से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा पासपोर्ट वेरिफिकेशन, कैरेक्टर सर्टिफिकेट, पुलिस वेरिफिकेशन और आवेदन या शिकायत की स्थिति की जानकारी भी हासिल की जा सकेगी
।चैटबॉट में नजदीकी थाना खोजने, महिलाओं की सुरक्षा और ईव-टीजिंग से संबंधित जानकारी या शिकायत देने, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता लेने के साथ-साथ पुलिस को सुझाव और फीडबैक देने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पुलिस और जनता के बीच आसान होगा संपर्क
पूर्वी सिंहभूम पुलिस का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस सेवाओं को आम लोगों तक तेज, आसान और सुलभ तरीके से पहुंचाना है। इससे छोटी-छोटी जानकारी के लिए लोगों को बार-बार पुलिस कार्यालय या थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पुलिस व आम जनता के बीच संवाद भी बेहतर होगा।
अब एक WhatsApp मैसेज से पुलिस सेवाओं तक पहुंच—बस 9471167577 पर “Hi” भेजिए और ‘JOHAR POLICE’ से जुड़िए।

