जमशेदपुर, 10 सितंबर 2026: मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह चौक के पास एनएच-33 पर सोमवार को वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर लाल पर्ची लगाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान सुंदरवन फेज-1 के सामने गुलाम अंसारी के गैरेज के पास एक ट्रक पर पर्ची लगाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की।
विवाद बढ़ने पर चार-पांच लोग कथित तौर पर लाठी और लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंच गए। पुलिसकर्मी सहदेव भकत घटना का वीडियो बनाने लगे, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने लकड़ी के फट्टे से उनके हाथ और पैर पर वार किया। इसमें सहदेव भकत घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे सहायक अवर निरीक्षक अमरेश कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इस दौरान पुलिस की वर्दी फाड़ने और फाइनबुक छीनने का प्रयास किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को धमकी दी कि यदि दोबारा सड़क पर वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई तो मारपीट की जाएगी। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले में सुशील शर्मा, राजकुमार मंडल, एक ट्रक चालक और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

