जमशेदपुर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में तीन ऐसे लोगों के नाम मिले, जिनकी जांच में अफगानिस्तान का नागरिक होने की पुष्टि हुई। यह मामला दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान सामने आया।
जांच में आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के नाम सामने आए। इनके नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की सूची में क्रमशः 30, 31 और 33 नंबर पर दर्ज थे। नोटिस के बाद जरूरी दस्तावेज नहीं देने पर पासपोर्ट की जांच की गई, जिससे उनकी अफगान नागरिकता की पुष्टि हुई।
विदेशी नागरिक पाए जाने के बाद तीनों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। अब चुनाव अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि इन लोगों के नाम मतदाता सूची में कैसे शामिल हुए और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार मामले की विस्तृत जांच के लिए समिति बनाई गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं झारखंड की मतदाता सूची में अन्य विदेशी नागरिकों के नाम तो शामिल नहीं हैं।

