देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जमुनिया जंगल के पास यात्री शेड में की गई, जहां ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और ₹1,04,990 नकद बरामद किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 से 3.5 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में हरि मंडल उर्फ हरिहर मंडल, गौतम झा, राहुल कुमार, दीपु यादव, लखन मरांडी, रंधीर यादव और विकास कुमार शामिल हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में एक का पहले से आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मामले में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है।

