जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह मैदान के पास पुलिस ने अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रॉबर्ट विलियम और उसके साथी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने हथियार खरीदने वाले ग्राहक का रूप धारण कर आरोपियों से संपर्क किया था।
बताया गया कि हथियार की कीमत पहले 20 हजार रुपये मांगी गई थी, लेकिन बातचीत के बाद सौदा 12 हजार रुपये में तय हुआ। इसके बाद रॉबर्ट विलियम अपने साथी के साथ हथियार लेकर बारीडीह मैदान पहुंचा। मौके पर पहले से मौजूद पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा और एक गोली बरामद की। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और इस कारोबार में और कौन लोग शामिल हैं।

