झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार मतदाता सूची में शामिल अपात्र लोगों के नामों को बचाने की कोशिश कर रही है। भाजपा ने संताल परगना के साहिबगंज, राजमहल और पाकुड़ इलाकों की मतदाता सूचियों की विशेष जांच कराने की मांग की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कुछ जगहों पर मतदाता सूची में नाम, उम्र, पता और पारिवारिक संबंधों को लेकर गड़बड़ियों की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो पार्टी इस मामले को अदालत तक ले जाएगी।
वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि अगर भाजपा के पास किसी व्यक्ति की नागरिकता या मतदाता सूची में नाम को लेकर ठोस सबूत हैं, तो उन्हें चुनाव आयोग के सामने पेश करना चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे को राजनीतिक और सामुदायिक रंग देने की कोशिश कर रही है।
यह विवाद ऐसे समय में बढ़ा है जब SIR के दौरान फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोप में साहिबगंज-पाकुड़ क्षेत्र में FIR भी दर्ज हुई है। चुनाव अधिकारियों की ओर से मतदाता सूची की जांच और सत्यापन जारी है।

