जमशेदपुर में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के नाम दर्ज मिले। दस्तावेजों की जांच के दौरान तीनों की पहचान अफगानिस्तान के नागरिकों के रूप में सामने आई।
जानकारी के अनुसार, तीनों के नाम पहले से मतदाता सूची में थे और उन्होंने SIR की प्रक्रिया भी पूरी की थी। दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने उन्हें नोटिस जारी कर जरूरी कागजात मांगे। दस्तावेज नहीं देने पर उनके पासपोर्ट की जांच की गई, जिसमें उनकी विदेशी नागरिकता सामने आई।
तीनों नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या 286 से जुड़े बताए गए हैं। निर्वाचन विभाग ने तीनों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए हैं। साथ ही, यह पता लगाने के लिए जांच के निर्देश दिए गए हैं कि उनके नाम मतदाता सूची में कैसे शामिल हुए और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच के लिए जमशेदपुर के डीसी और एसएसपी को निर्देश दिया गया है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि कहीं अन्य विदेशी नागरिकों के नाम भी मतदाता सूची में तो शामिल नहीं हैं। दोषी पाए जाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।

