जमशेदपुर पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए ‘जोहार पुलिस ऑनलाइन हेल्प एंड असिस्टेंस सेवा’ शुरू की है। इसके जरिए अब लोगों को पुलिस से जुड़ी कई जरूरी जानकारी और मदद WhatsApp के माध्यम से मिल सकेगी।
इस सेवा का इस्तेमाल करने के लिए लोगों को WhatsApp पर 9471167577 नंबर पर सिर्फ “HI” लिखकर भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट में उपलब्ध विकल्पों के जरिए पुलिस से जुड़ी सेवाओं की जानकारी ली जा सकेगी।
इसमें गुम हुए मोबाइल की जानकारी, ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी, साइबर अपराध की शिकायत और पुलिस की अन्य सेवाओं से संबंधित सहायता शामिल है। इससे लोगों को छोटी-छोटी जानकारी या शिकायत के लिए बार-बार थाने जाने की परेशानी कम हो सकती है।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य आम लोगों और पुलिस के बीच संपर्क को आसान बनाना है। डिजिटल माध्यम से शिकायत और सहायता की सुविधा मिलने से लोगों को घर बैठे पुलिस तक अपनी बात पहुंचाने में मदद मिलेगी।

