पश्चिमी सिंहभूम के गुवा में मंगलवार को गुवा गोलीकांड के शहीदों की याद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता और डुमरी विधायक जयराम महतो भी पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि देने के बाद जयराम महतो ने राज्य सरकार और मौजूदा व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन शहीदों ने जल, जंगल और जमीन के अधिकार के लिए बलिदान दिया, उनके सपनों का झारखंड अभी भी पूरी तरह नहीं बन पाया है।
उन्होंने कहा कि शहीद दिवस सिर्फ फूल चढ़ाने, पंडाल लगाने और कार्यक्रम करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनका कहना था कि इस तरह के आयोजनों पर होने वाले खर्च का इस्तेमाल शहीद परिवारों और उनके गांवों में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने में किया जाना चाहिए।
जयराम महतो ने झारखंड में भ्रष्टाचार और माफिया के बढ़ते प्रभाव का भी आरोप लगाया और सरकार से शहीदों के सपनों को जमीन पर उतारने की मांग की।

