सरायकेला-कालाडूंगरी मार्ग पर बांधडीह चौक के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 35 वर्षीय संजय महतो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि संजय अपने पिता को गम्हरिया में एक श्राद्धकर्म कार्यक्रम में छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बांधडीह चौक के पास यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
संजय भालुबासा गांव के रहने वाले थे। उनकी शादी पिछले साल ही हुई थी। वह खेती-बाड़ी में अपने पिता का हाथ बंटाते थे। उनकी मौत की खबर से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसा करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

