बहरागोड़ा के कलियाडिंगा चौक के पास पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 113 किलो गांजा बरामद किया। इसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा ले जा रहे एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि ओडिशा से कार के जरिए गांजे की बड़ी खेप पश्चिम बंगाल के खड़गपुर ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने कलियाडिंगा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 113 किलो गांजा मिला। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिनकन स्वाइं, निवासी निमापाड़ा, पुरी (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे के साथ कार भी जब्त कर ली है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ओडिशा में कहां से लाया गया था और खड़गपुर में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी। पुलिस तस्करी से जुड़े दूसरे लोगों की भी तलाश कर रही है।

