खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव में 8 माह की गर्भवती 19 वर्षीय महिला सिनीता सरूकद की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने उसके पति सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सिनीता और सागर के बीच पिछले करीब एक-दो साल से प्रेम संबंध था। करीब डेढ़-दो महीने से सिनीता सागर के साथ पत्नी के रूप में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक वह करीब आठ माह की गर्भवती थी।
बताया गया है कि सागर को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान सागर ने धारदार हथियार से सिनीता पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, मुरहू थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य व नमूने जुटाए। बाद में पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। एसडीपीओ ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

