पश्चिम बंगाल के मालदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में अगस्त महीने के दौरान 89 नवजात बच्चों की मौत का मामला सामने आने के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल की व्यवस्था और नवजात शिशुओं को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जांच की गई।
स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम ने अस्पताल का दौरा कर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली। शुरुआती जांच में कम वजन, जन्म के समय सांस लेने में परेशानी, पीलिया, हृदय संबंधी बीमारी और संक्रमण जैसी कई वजहें सामने आई हैं। टीम ने अस्पताल की अलग-अलग इकाइयों के बीच समन्वय और स्वास्थ्य व्यवस्था में कुछ कमियों की भी पहचान की।
मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल सुपरिंटेंडेंट-कम-वाइस प्रिंसिपल डॉ. प्रसनजीत बर को पद से हटा दिया और उनकी जगह डॉ. गणेश चंद्र गायेन को नई जिम्मेदारी दी गई। वहीं, बाल रोग विभाग की प्रमुख डॉ. सुषमा साहू का भी तबादला कर दिया गया। नवजातों के इलाज की व्यवस्था मजबूत करने के लिए तीन अन्य डॉक्टरों को भी मालदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
इस मामले में जांच कमेटी की विस्तृत रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से आगे और कार्रवाई की संभावना है। इससे पहले राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी थी।

