गिरिडीह: डुमरी प्रखंड क्षेत्र में करीब 25 जंगली हाथियों का झुंड एक बार फिर पहुंच गया है। वन विभाग के अनुसार हाथियों का झुंड बगोदर के चौधरीबांध होते हुए डुमरी की बड़की बेरगी पंचायत में पहुंचा है। फिलहाल हाथियों की मौजूदगी छोटकी बेरगी और आसपास के जंगलों में बताई जा रही है। प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने का अलर्ट जारी किया है।
हाथियों के झुंड के गांव के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। बताया गया है कि हाथियों ने छोटकी बेरगी गांव में किसानों के खेतों में लगी मड़ुआ और मकई की फसल को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।
वन विभाग ने आसपास की सात पंचायतों के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि शाम के बाद जंगल या खेतों की ओर अकेले न जाएं और हाथियों के झुंड के पास जाकर फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। हाथियों को भगाने या उन्हें परेशान करने से भी बचने को कहा गया है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार करीब एक सप्ताह के अंदर हाथियों का झुंड दूसरी बार डुमरी क्षेत्र में पहुंचा है। इससे पहले भी हाथियों ने इलाके में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया था। विभाग की टीम हाथियों की दिशा और गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि अगर कहीं हाथियों का झुंड दिखाई दे तो उसके पास भीड़ न लगाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। प्रशासन का प्रयास है कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से दूर जंगल की ओर भेजा जा सके।

