जमशेदपुर में दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को लेकर अभी से ट्रेनों में टिकट की भारी मांग शुरू हो गई है। टाटानगर से खुलने और गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में अक्टूबर से नवंबर तक वेटिंग काफी बढ़ गई है। कुछ तारीखों पर तो टिकट बुकिंग ‘रिग्रेट/नो रूम’ तक पहुंच गई है।
पूर्वांचल और बिहार जाने वाली ट्रेनों में स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, गीतांजलि एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस और छपरा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में अक्टूबर की कई तारीखों पर कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
स्थिति को देखते हुए यात्रियों ने बस, कैब और निजी वाहनों से घर जाने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि सड़क मार्ग से जाने पर भी कैब के बढ़े किराये यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
रेल यात्रियों की उम्मीद अब तत्काल टिकट और पूजा स्पेशल ट्रेनों पर टिकी है। यात्रियों ने रेलवे से टाटानगर से पटना, छपरा, गया और कोलकाता रूट पर जल्द पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है।
वहीं, चक्रधरपुर रेल मंडल में कई ट्रेनों के रद्द या आंशिक रूप से रद्द रहने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे त्योहार के दौरान यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

