झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की सहायक वन संरक्षक (ACF) और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (FRO) परीक्षा को लेकर सीआईडी की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि करीब 100 अभ्यर्थियों को पैसे लेकर परीक्षा में पास कराने की कथित साजिश रची गई थी।
जांच के मुताबिक, इस पूरे मामले में अधिकारियों, परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी के लोगों, दलालों और एजेंटों का कथित नेटवर्क काम कर रहा था। रिपोर्ट में बताया गया है कि अभ्यर्थियों से प्रारंभिक परीक्षा में मदद के नाम पर लाखों रुपये लिए गए। कुल करीब 1.20 करोड़ रुपये की वसूली का भी आरोप सामने आया है।
सीआईडी की पूछताछ में परीक्षा में गड़बड़ी के अलग-अलग तरीके सामने आने की बात कही गई है। आरोप है कि करीब 30 अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं स्ट्रांग रूम से बाहर निकालकर लिखवाई गईं और बाद में उन्हें वापस रखा गया। वहीं करीब 40 उत्तर पुस्तिकाओं के सॉफ्टवेयर में कथित तौर पर बदलाव कर नंबर बढ़ाने की बात भी जांच में सामने आई है।
जांच में यह भी बताया गया है कि कुछ अभ्यर्थियों की खाली ओएमआर शीट में बाद में उत्तर भरे जाने की कथित व्यवस्था की गई थी। मुख्य परीक्षा की कुछ कॉपियां बाहर लिखवाने के लिए दूसरे लोगों की मदद लिए जाने का भी आरोप है।
फिलहाल यह पूरा मामला सीआईडी की जांच के दायरे में है। सामने आए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी। इस खुलासे के बाद JPSC की भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता और परीक्षा संचालन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

