जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ले में शुक्रवार देर रात गोवंश चोरी के संदेह को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया।
बताया गया कि बिष्टुपुर के रामदास भट्ठा गद्दी मोहल्ले से एक गोवंश चोरी होने की बात सामने आई थी। कुछ युवकों को शक था कि चोरी किया गया गोवंश जुगसलाई के ईदगाह मोहल्ले में रखा गया है। इसी संदेह में बड़ी संख्या में युवक वहां पहुंच गए। वहां मौजूद लोगों से विवाद होने के बाद स्थिति बिगड़ गई और मारपीट शुरू हो गई।
मामला बढ़ता देखकर पुलिस टीम ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे हटाया। इसके बाद भी जब स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हुई तो पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग की गई। रिपोर्ट के मुताबिक जुगसलाई थाना प्रभारी ने चार राउंड हवाई फायरिंग की, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल, क्यूआरटी और टाइगर मोबाइल के जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि पुलिस पर हमला करने के बाद हवाई फायरिंग की गई और उपद्रव करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
पुलिस की अपील है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और इलाके में शांति बनाए रखें। मामले की जांच के बाद ही विवाद की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

