जमशेदपुर। शहर के चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस ने एक बड़ी साजिश का खुलासा किया है। पुलिस जांच के अनुसार, देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या का बदला लेने के लिए जमशेदपुर में विरोधी गिरोह से जुड़े लोगों को निशाना बनाने की योजना तैयार की गई थी। इस साजिश में निखार सबलोक के अलावा गणेश सिंह गिरोह से जुड़े कुछ अन्य लोगों और एक भाजपा नेता को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, साजिश का खाका दुमका जेल में तैयार किए जाने की बात जांच में सामने आई है। योजना में निखार सबलोक के साथ बागबेड़ा निवासी विजय सिंह उर्फ मोनू, मानगो डिमना रोड निवासी राजा शर्मा और एक भाजपा नेता की हत्या की तैयारी थी। पुलिस को शक है कि इस पूरी योजना का मकसद विक्रम शर्मा की हत्या का बदला लेना और जमशेदपुर में आपराधिक वर्चस्व कायम करना था।
जांच में यह भी सामने आया कि निखार सबलोक की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस को गिरफ्तार आरोपी अशोक सिंह राघव के मोबाइल से निखार की तस्वीर मिली, जबकि यही तस्वीर कथित शूटरों के मोबाइल में भी मिलने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश से शूटरों को जमशेदपुर बुलाया गया था। निखार की हत्या की कोशिश में पहले ये शूटर सफल नहीं हो पाए थे। बाद में गणेश सिंह गिरोह के एक सदस्य को निशाना बनाने के लिए दो शूटर दोबारा जमशेदपुर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें टारगेट तक पहुंचने से पहले गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल बरामद होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस जांच में यह मामला विक्रम शर्मा हत्याकांड की पुरानी रंजिश से जुड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस पूरे नेटवर्क, फंडिंग, शूटरों की भूमिका और अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। मामले में आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।

