पश्चिम बंगाल के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मामले में आज 3 सितंबर को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष टीम ने पनिहाटी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सोमनाथ डे को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वह काफी समय से फरार चल रहे थे।
सोमनाथ डे पर आरोप है कि अगस्त 2024 में आरजी कर मामले की पीड़िता के शव के जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने और महत्वपूर्ण सबूतों को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने की साजिश में उनकी भूमिका थी। पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर इस मामले में नई एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए सोमनाथ डे ने अपना ठिकाना बदलते हुए पहले हैदराबाद और फिर बेंगलुरु का रुख किया था। आखिरकार पुलिस टीम ने उन्हें बेंगलुरु में पकड़ लिया। अब उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाया जाएगा और बैरकपुर कोर्ट में पेश कर पुलिस हिरासत मांगी जा सकती है।
इस मामले में सोमनाथ डे तीसरे आरोपी हैं। इससे पहले पूर्व टीएमसी विधायक निर्मल घोष और पीड़ित परिवार के पड़ोसी संजीव मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि शव के अंतिम संस्कार को लेकर कथित तौर पर किसके निर्देश पर जल्दबाजी की गई और इस पूरी प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी। मामले की जांच अभी जारी है।

