रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहरों को ज्यादा व्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए हैं। बुधवार को नगर विकास एवं पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि हर वार्ड में जरूरत के हिसाब से वेंडर मार्केट तैयार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क किनारे ठेला, गुमटी और छोटे कारोबार करने वाले दुकानदारों को हटाने के बजाय उन्हें व्यवस्थित और सम्मानजनक जगह दी जाए। इससे दुकानदारों की रोजी-रोटी भी चलती रहेगी और सड़कों पर लगने वाला जाम भी कम होगा।
सड़क के साथ ड्रेनेज भी जरूरी
सीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि सड़क बनाते समय ही ड्रेनेज की व्यवस्था भी की जाए। जलजमाव वाले इलाकों को चिन्हित कर पानी की निकासी का बेहतर इंतजाम करने और पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त जगह रखने को कहा गया है
।ट्रैफिक सुधारने पर भी जोर
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अनावश्यक रोड कट बंद करने, बसों के रूट और समय की जानकारी का पूरा रिकॉर्ड तैयार करने तथा सड़क किनारे लटक रहे बिजली और टेलीकॉम के तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया
।इसके अलावा सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर कार्रवाई करने को भी कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास सिर्फ रांची तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि झारखंड के दूसरे प्रमुख शहरों को भी आधुनिक और व्यवस्थित बनाया जाना चाहिए।

