हजारीबाग: झारखंड पुलिस को अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। हजारीबाग की लोहसिंघना थाना पुलिस ने लोगों से रुपये और सोने की चेन छीनने वाले कोढ़ा गैंग के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से सोने के गहने, चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर में घूमते थे। बैंक और पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर निकलने वाले लोगों पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही रुपये तथा गहने लेकर फरार हो जाते थे।
1 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य हजारीबाग में बड़ी छिनतई की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने हजारीबाग झील के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पुलिस पहुंची।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 27 ग्राम सोने के आभूषण, 4 चोरी की मोटरसाइकिल, 6 फर्जी नंबर प्लेट, 6 मोबाइल और 23 पुड़िया संदिग्ध पदार्थ बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने झारखंड और बिहार में 100 से ज्यादा वारदातों में शामिल होने की बात कही है, हालांकि इन दावों का पुलिस द्वारा सत्यापन किया जा रहा है।
जांच में गिरोह का चौपारण कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस ने वहां से तीन लोगों को पकड़ा है, जिन पर चोरी की बाइक छिपाने और गिरोह की मदद करने का आरोप है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों और पुरानी वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

