झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने 10 जिलों में फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ का खतरा जताया है। इन जिलों में गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा शामिल हैं।
मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। गढ़वा, पलामू, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट, जबकि लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के कारण पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में 217 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही। वहीं जमशेदपुर में खरकई और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

