झारखंड के रामगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण पतरातू डैम में पानी तेजी से बढ़ गया है। डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चार गेट खोल दिए गए हैं। इन गेटों से करीब 1330 क्यूसेक पानी बाहर छोड़ा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, डैम के गेट नंबर 3 और 4 को करीब 6-6 इंच और गेट नंबर 5 व 6 को करीब 9-9 इंच खोला गया है। लगातार बारिश होने से डैम में पानी की आवक बनी हुई है।
पानी छोड़े जाने के कारण दामोदर नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। डैम प्रबंधन लगातार पानी के स्तर पर नजर बनाए हुए है।
अगर बारिश इसी तरह जारी रही और डैम में पानी और बढ़ा, तो आगे और गेट खोले जाने की संभावना भी बनी हुई है।

