पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र के छोटानागरा थाना अंतर्गत बहदा गांव में बारिश के कारण कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। रविवार शाम एक परिवार के लोग रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से लौटते समय नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज बहाव में तीन लोग बह गए।
हादसे में प्यारी सिद्धू (45) और उनके पति बासेन सिद्धू (55) की मौत हो गई। दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। वहीं सुनीता सिद्धू अभी लापता बताई गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, नदी पार करते समय अचानक पानी बढ़ा और बहाव तेज हो गया। लोग एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी पार कर रहे थे, तभी सुनीता का पैर फिसल गया और उनके साथ प्यारी व बासेन भी तेज धारा में बह गए। पीछे चल रहे अन्य लोग किसी तरह सुरक्षित निकल आए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। प्यारी का शव करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में मिला, जबकि बासेन का शव करीब एक किलोमीटर दूर पत्थरों और झाड़ियों के बीच बरामद हुआ। लापता महिला की तलाश जारी है और प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर NDRF की मदद लेने की बात कही है। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव से बचाव अभियान में परेशानी आ रही है।

