जमशेदपुर से सटे कपाली के अलबेला गार्डेन इलाके में सोमवार रात एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने वहां पहुंचा था। इसी दौरान प्रेमिका के भाई ने दोनों को देख लिया और विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई और आरोप है कि प्रेमिका के भाई ने युवक जिशान अफताब पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से जिशान घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
आसपास के लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में किया गया, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद वहां से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

