रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में सिदो-कान्हू पार्क के पास एक फ्लैट में 61 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी सुनील कुमार सिंह का शव फंदे से लटका मिला। घटना रविवार की बताई जा रही है। सुनील कुमार सिंह करीब एक साल पहले रांची के उप विकास आयुक्त (DDC) पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह मूल रूप से पटना के रहने वाले थे और रांची के फ्लैट में अकेले रह रहे थे, जबकि उनका परिवार पटना में रहता था।
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी तब हुई जब घरेलू सहायिका फ्लैट पर पहुंची और उन्हें पंखे के हुक से लटका देखा। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रिम्स में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मौके से आठ पन्नों का एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, नोट में उन्होंने उम्र से जुड़ी बीमारियों और शारीरिक परेशानी का जिक्र किया है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि मौत का अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल लालपुर थाना पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

