जमशेदपुर: निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को कानपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे जमशेदपुर लेकर आई और पूरे मामले को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि निखार सबलोक की हत्या की योजना बनाने में सिंटू की अहम भूमिका हो सकती है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कैसे रची गई और वारदात को अंजाम देने वाले लोगों से उसका किस तरह संपर्क था।
बताया जा रहा है कि हत्या से पहले निखार की गतिविधियों पर नजर रखी गई थी। पुलिस अब सिंटू से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्याकांड में और कौन-कौन लोग शामिल थे और हत्या के पीछे असली वजह क्या थी।
गौरतलब है कि 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल के पास निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए कई संदिग्धों की जानकारी जुटाई थी।
सिंटू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण राज सामने आ सकते हैं। पुलिस अब शूटरों, साजिश और हत्या के कारण की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है।

