रांची: झारखंड में इस साल मानसून की बारिश का वितरण असमान रहा है। राज्य के 24 में से 11 जिलों में सामान्य से 19 प्रतिशत से ज्यादा कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें पाकुड़ सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां सामान्य से 54 प्रतिशत कम बारिश हुई है। यह जानकारी रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने दी है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 28 अगस्त तक झारखंड में 698 मिमी बारिश हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 778.3 मिमी होनी चाहिए थी। यानी पूरे राज्य में बारिश की कमी करीब 10 प्रतिशत है, जिसे मौसम विभाग सामान्य श्रेणी में मानता है।
पाकुड़ में सामान्य 878.2 मिमी के मुकाबले सिर्फ 408.3 मिमी बारिश हुई। इसके बाद देवघर में 48 प्रतिशत, कोडरमा में 40 प्रतिशत, गढ़वा और गिरिडीह में 37-37 प्रतिशत, गोड्डा में 31 प्रतिशत और हजारीबाग में 30 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज हुई है।
वहीं, कुछ जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश भी हुई है। पश्चिमी सिंहभूम में 42 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के दक्षिणी हिस्सों में आमतौर पर बंगाल की खाड़ी के नजदीक होने के कारण बारिश बेहतर होती है।
हालांकि किसानों के लिए राहत की उम्मीद भी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं 29 अगस्त से 1 सितंबर के बीच कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

