धनबाद: तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड़ में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए, जिससे तीनों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान एक बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए बाकी दो बच्चे भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई में चले गए और तीनों डूब गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने तालाब में उतरकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन के मौके पर हुई इस घटना से पूरे रंगलीटांड़ इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।

