धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र के भौंरा गौरखुंटी में एक नाबालिग आदिवासी किशोरी के साथ चार युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, किशोरी किसी काम से परसियाबाद गई थी। देर होने पर उसने घरवालों को फोन कर उसे लेने आने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान संजू रवानी बाइक से वहां पहुंचा और किशोरी को घर छोड़ने की बात कहकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे एक खाली घर में ले जाया गया, जहां उसके तीन अन्य साथी भी पहुंच गए।
घटना के बाद किशोरी घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों ने तत्काल सुदामडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई।
ताजा जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मुख्य आरोपी संजू रवानी को धनबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दयाशंकर यादव, अजान अंसारी और रंजन साव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए धनबाद भेजा गया है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और स्थानीय लोग सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

