जमशेदपुर के साकची कालीमाटी रोड स्थित आरके जैन भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरने के दौरान हुए हादसे में पंपकर्मी तुषार कुमार की मौत हो गई थी। हादसे के बाद तुषार के परिवार ने उचित मुआवजे और मदद की मांग की थी।
मामले को लेकर तुषार के परिजन गोलमुरी थाना पहुंचे, जहां पेट्रोल पंप मालिक को भी बुलाया गया। दोनों पक्षों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। बातचीत के बाद तुषार के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने पर सहमति बनी।
इसके अलावा पंप मालिक ने तुषार के पीएफ और अन्य फंड की राशि दिलाने में सहयोग करने का भरोसा दिया है। वहीं, गेल कंपनी की ओर से भी परिवार को अतिरिक्त सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
बताया गया कि सीएनजी भरने के दौरान पाइप फटने से तुषार गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार की आर्थिक मदद के लिए मुआवजे को लेकर बातचीत चल रही थी, जिसके बाद अब 10 लाख रुपये देने पर सहमति बनी है।

