जमशेदपुर में टाटा स्टील के 2022 बैच के अप्रेंटिस कर्मचारियों ने वेज रिवीजन को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। कर्मचारियों ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष से मुलाकात कर MGB यानी न्यूनतम गारंटीड लाभ देने की मांग रखी।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने भी कंपनी में अपनी सेवाएं दी हैं, इसलिए वेज रिवीजन में उन्हें भी उचित लाभ मिलना चाहिए। इसी मांग को लेकर कई कर्मचारी यूनियन कार्यालय पहुंचे और अपनी बात रखी।
कर्मचारियों ने कहा कि नए वेज रिवीजन समझौते में जनवरी 2025 के बाद कंपनी में शामिल हुए कर्मचारियों को MGB का लाभ नहीं मिलने से उनके बीच असंतोष है।
मामले में यूनियन अध्यक्ष ने कर्मचारियों की बात सुनी और उनकी मांग को प्रबंधन के सामने रखने का आश्वासन दिया। अब कर्मचारियों को उम्मीद है कि बातचीत के जरिए इस समस्या का समाधान निकलेगा।

