जमशेदपुर में शिक्षा व्यवस्था की कमियों को दूर करने और स्कूलों की वास्तविक स्थिति समझने के लिए 27 अगस्त को न्यू बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी में शहर के सभी प्रधानाचार्यों की बैठक होगी। यह पहल जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की ओर से की गई है।
बैठक में प्रधानाचार्यों से अपने-अपने स्कूल की भवन, विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपलब्ध सुविधाओं से जुड़ी जानकारी वाले सर्वे फॉर्म लाने को कहा गया है। इसका उद्देश्य प्राथमिक और मध्य विद्यालयों की जमीनी स्थिति का आकलन कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए जरूरी कदम तय करना है।
इसके अलावा 6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में “शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान” विषय पर सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी और चयनित शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
प्रधानाचार्यों से 27 अगस्त को दोपहर 3 बजे बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की गई है।

