जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में पानी टंकी के पास शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में 37 वर्षीय सुशील साह की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुशील बाइक से गोलमुरी की ओर से सिदगोड़ा जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके पास मिले आधार और पैन कार्ड से उनकी पहचान की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

