जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में 38 वर्षीय विक्की सिंह की मौत का मामला सामने आया है। विक्की मानगो के गुरुद्वारा रोड के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार शनिवार को उनके सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें ऑटो से एमजीएम अस्पताल लाया गया।
परिवार का आरोप है कि अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर विक्की को ऑटो से अंदर ले जाने के लिए करीब 25 मिनट तक स्ट्रेचर नहीं मिला। परिजनों ने सुरक्षा गार्ड और अस्पताल कर्मचारियों से मदद मांगी, लेकिन स्ट्रेचर मिलने तक विक्की की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। डॉक्टरों ने बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने स्ट्रेचर की कमी से इनकार किया है। एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने कहा कि उस समय मरीजों की संख्या ज्यादा थी और अस्पताल में करीब 50 स्ट्रेचर उपलब्ध हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।

