झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 205 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के राउरकेला से गांजे की बड़ी खेप सिमडेगा और कमडारा के रास्ते रांची की ओर ले जाई जा रही है। इसके बाद कर्रा पुलिस और NCB की टीम ने लोधमा पिकेट के पास वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग जिले के बरही और पदमा क्षेत्र के रहने वाले लोग शामिल बताए गए हैं। पुलिस और NCB अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और इसे रांची में किसे पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है

