जमशेदपुर के मानगो इलाके में स्वर्णरेखा नदी के किनारे बने 16 मकानों को हटाने की प्रशासन ने तैयारी कर ली है। प्रशासन के मुताबिक ये मकान सरकारी जमीन पर बने हैं। कार्रवाई आज से शुरू करने की योजना है।
इसमें वार्ड नंबर 8 के चाणक्यपुरी के पास 3 मकान और वार्ड नंबर 10 की गौड़ बस्ती के पास 13 मकान शामिल हैं। प्रभावित परिवारों को पहले ही नोटिस देकर घर खाली करने को कहा गया था।
प्रशासन की ओर से कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी तरह की परेशानी होने पर स्थिति को संभाला जा सके। यह अभियान एनजीटी के निर्देश के तहत स्वर्णरेखा नदी किनारे से अतिक्रमण हटाने के लिए किया जा रहा है।
पहले भी कार्रवाई की तारीख तय हुई थी, लेकिन पुलिस बल की कमी के कारण अभियान आगे नहीं बढ़ पाया था। अब प्रशासन ने दोबारा तैयारी पूरी कर ली है।

