धनबाद के पूर्वी टुंडी में बराकर नदी पर बना बेजड़ा पुल अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। पुल की सस्पेंशन बेयरिंग टूटने के बाद पुल में दरार आ गई और सड़क करीब एक फीट नीचे धंस गई। पुल का पिलर नंबर-5 भी क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि पिलर नंबर-4 झुक गया।
हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करा दी। दोनों तरफ जेसीबी से रास्ता काटकर लोगों को पुल पर जाने से रोक दिया गया है।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश और बराकर नदी के तेज बहाव के बीच पुल के आसपास लंबे समय से हो रहे बालू खनन से भी पिलर की नींव कमजोर होने की आशंका है। हालांकि, असली कारण तकनीकी जांच के बाद ही साफ होगा।
पुल बंद होने से धनबाद और जामताड़ा के बीच आने-जाने वाले लोगों को अब वैकल्पिक रास्तों से जाना पड़ रहा है, जिससे उनकी दूरी और समय दोनों बढ़ गए हैं।

