झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों और अनियमितताओं को लेकर 44 भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। सरकार ने 18 अगस्त की रात इस संबंध में अधिसूचनाएं जारी कीं। इन परीक्षाओं में JPSC, JSSC और दूसरी एजेंसियों से जुड़ी भर्तियां शामिल हैं।
रद्द होने वाली परीक्षाओं में ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिप्टी कलेक्टर, डेंटल डॉक्टर, असिस्टेंट इंजीनियर, सिविल जज और वन विभाग के कई पदों की भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। JSSC-CGL परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।
सरकार ने सिर्फ परीक्षाएं रद्द करने का फैसला ही नहीं लिया है, बल्कि पहले हो चुकी 17 परीक्षाओं की CID जांच कराने की बात भी कही है। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था और निगरानी तंत्र तैयार करने की योजना है।
इस फैसले से उन अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है, जिन्होंने इन परीक्षाओं में मेहनत करके सफलता हासिल की थी। खासकर JSSC-CGL से चयनित उम्मीदवार नियुक्ति रद्द होने के खिलाफ विरोध कर रहे हैं और सरकार से अपना पक्ष सुनने की मांग कर रहे हैं।

