बागबेड़ा क्षेत्र में पेयजल की समस्या को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया है।
बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना को लेकर पहले भी प्रशासन ने अगस्त में योजना शुरू करने की समयसीमा तय की थी। डीसी ने अधिकारियों से कहा है कि पेयजल जैसी मूलभूत समस्या में सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीन पर तेजी से काम दिखना चाहिए।
योजना के तहत बागबेड़ा और आसपास के इलाकों में घर-घर पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। स्थानीय लोगों को लंबे समय से नियमित पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए योजना जल्द शुरू होने से बड़ी आबादी को राहत मिलने की उम्मीद है।

