रांची में सरकारी नौकरी की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने 16 दिन बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी। उन्होंने रांची सदर अस्पताल में जूस पीकर अनशन तोड़ा। उनके साथ उम्मे हबीबा और राहुल क्रांति ने भी भूख हड़ताल समाप्त की।
दरअसल, छात्र JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के बीच झारखंड सरकार ने JSSC-CGL और TDPL से जुड़ी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया। इसके बाद देवेंद्र महतो ने अनशन समाप्त करने की घोषणा की।
अनशन खत्म होने के बाद देवेंद्र महतो ने सरकार के फैसले को झारखंड के छात्रों की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे आगे पेपर लीक और दूसरी गड़बड़ियों की गुंजाइश न रहे। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं की निगरानी और सुधार के लिए मजबूत व्यवस्था बनाने की बात भी कही।
सरकार की ओर से मंत्री दीपिका पांडे सिंह और इरफान अंसारी अस्पताल पहुंचे। तीनों अनशनकारियों की मेडिकल जांच की गई और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। इसके साथ ही कई दिनों से चल रहा छात्र आंदोलन औपचारिक रूप से खत्म हो गया।

