जमशेदपुर के टेल्को स्थित सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर टाटा मोटर्स की ओर से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जमशेदपुर प्लांट के प्रमुख अनुराग छारिया ने कहा कि जमशेदपुर में तैयार होने वाला हर ट्रक देश की आत्मनिर्भरता और आर्थिक विकास की पहचान है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स और नई तकनीक उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगी। इसलिए कर्मचारियों को लगातार नई तकनीक सीखते रहना चाहिए और अपने कौशल को बेहतर बनाना चाहिए।
अनुराग छारिया ने सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य केवल ज्यादा उत्पादन करना नहीं, बल्कि बेहतर गुणवत्ता, ज्यादा उत्पादकता और कम लागत के साथ काम करना है। पानी, बिजली और दूसरे संसाधनों की बर्बादी रोकना भी सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रबंधन और यूनियन के बीच बेहतर तालमेल को कंपनी की बड़ी ताकत बताया। उनका कहना था कि आपसी सहयोग और विश्वास से टाटा मोटर्स भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकती है।

