पूर्वी सिंहभूम के गालूडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने ओडिशा की ओर से जमशेदपुर लाया जा रहा करीब 11 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर गालूडीह इलाके में वाहन जांच अभियान चलाया गया था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि देखकर एक वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गांजा ओडिशा से जमशेदपुर लाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किसे पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

