जमशेदपुर के एनआईटी (NIT) के चौथे वर्ष के छात्र मीर हसीन तनबीर का शव घटना के पांच दिन बाद खरकई नदी से बरामद कर लिया गया। तनबीर अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी रही। पांच दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार नदी से उनका शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं एनआईटी परिसर में भी शोक की लहर है।
घटना के बाद छात्रों ने संस्थान प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

