पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को डुमरिया में बन रहे 30 बेड के नए अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को बचा हुआ काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि अस्पताल शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल भवन, वार्ड, ओपीडी, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में डॉक्टर, नर्स, दवाइयों और जरूरी उपकरणों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए, ताकि अस्पताल शुरू होने के साथ ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिल सके।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि उनकी कोशिश है कि डुमरिया का यह 30 बेड अस्पताल 15 अगस्त से पहले आम जनता के लिए शुरू कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल डुमरिया सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

