जमशेदपुर की पहचान बन चुका जमशेदपुर एफसी अब बंद होने की ओर बढ़ रहा है। टाटा स्टील ने साफ कर दिया है कि क्लब को बंद करने का फैसला कंपनी के बोर्ड ने लिया है। हालांकि कंपनी ने यह भी कहा है कि खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के साथ किए गए सभी अनुबंधों का पूरी तरह सम्मान किया जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।
इस खबर के सामने आने के बाद शहर के फुटबॉल प्रेमियों में निराशा का माहौल है। कई पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों ने भी इस फैसले पर चिंता जताई है। भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी सुनील छेत्री समेत कई खिलाड़ियों ने टाटा समूह से इस फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है।
साल 2017 में शुरू हुआ जमशेदपुर एफसी बहुत कम समय में भारतीय फुटबॉल का एक मजबूत क्लब बन गया। क्लब ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में शानदार प्रदर्शन किया और देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई। अब इसके बंद होने की खबर से खेल प्रेमियों को बड़ा झटका लगा है। शहर के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि कंपनी इस फैसले पर एक बार फिर विचार करेगी ताकि जमशेदपुर की फुटबॉल विरासत बरकरार रह सके।

