जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के आफताब आलम की बीती रात को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आफताब पर रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें उसे कई गोलियां लगी थीं। गंभीर हालत में पहले टाटा मेन अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया था।
परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने आफताब को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और बर्मामाइंस इलाके में शोक के साथ तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना देने लगे।
इधर, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

